गोंडा। संभल में हुई घटना की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराने सहित अन्य मांगों लेकर मंगलवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) व भीम आर्मी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट विजय शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
पोर्टरगंज स्थित आजाद समाज पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च करके सभी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। परिसर में जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष जयशंकर गौतम ने कहा कि संभल की घटना में स्थानीय प्रशासन की लापरवाही उजागर हुई है। चार युवकों की जान चली गई। कई आमजन समेत पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। वहां डर का माहौल है। लोग घरों से निकल नहीं पा रहे हैं। बाहर से किसी को जाने भी नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराने, एफआईआर में दर्ज अज्ञात लोगों के नाम पर निर्दोषों न फंसाने और शांति बहाल किए जाने की मांग की।
उधर, भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला प्रभारी पप्पू खान ने भी सिटी मजिस्ट्रेट को पत्र देकर रुपईडीह ब्लॉक के असिधा गांव में विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत की। सात बिंदुओं को उजागर करते हुए कहा कि गांव के विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर धांधली की गई है। उन्होंने टीम गठित कराकर जांच व कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान सुकई भारती समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।