गोंडा के रोडवेज परिसर में बसों के फिटनेस की जांच करते आरआई संजय कुमार।
- फोटो : GONDA
गोंडा। सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान संभागीय परिवहन विभाग ने वाहनों के सुरक्षित संचालन के लिए शुक्रवार को परिवहन निगम परिसर में वाहनों के फिटनेस की जांच की। परिवहन विभाग के आरआई ने 27 बसों की जांच की। जिसमें 10 बसें तो फिट मिलीं मगर 17 बसे अनफिट पाई गईं।
आईआई की रिपोर्ट पर अनफिट बसों के संचालन पर रोक लगाते हुए एआरटीओ प्रशासन ने रोडवेज के एआरएम को अनफिट बसों के संचालन पर रोक लगाने के लिए नोटिस जारी किया है।
सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान जिले में सुरक्षित यात्रा के लिए संभागीय परिवहन विभाग जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है। कार्यक्रमों व रैली के माध्यम से लोगों को यातायात के नियमों को पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जिससे किसी की जान जोखिम में न पड़े। इसी अभियान के दौरान शुक्रवार को संभागीय परिवहन विभाग के आरआई संजय कुमार ने रोडवेज परिसर में रोडवेज की 83 में से 27 बसों के फिटनेस की जांच की। जांच में 10 बसे फिट मिलीं, लेकिन 17 बसें अनफिट पाई गईं।
अनफिट बसों में किसी में बैट्री नहीं थी तो किसी की हेड लाइट खराब, वायरिंग में तकनीकी खराबी पाई गई। आरआई ने फिटनेस की रिपोर्ट एआरटीओ प्रशासन के समक्ष पेश की। एआरटीओ प्रशासन ने रोडवेज के एआरएम वीरेंद्र वर्मा को नोटिस जारी करते हुए अनफिट बसों के संचालन पर रोक लगा दी है।
एआरटीओ प्रशासन बबिता वर्मा ने बताया कि अनफिट बसों के संचालन पर रोक लगाने के लिए रोडवेज के एआरएम को नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही रोडवेज की शेष 56 बसों का फिटनेस कराने के बाद ही संचालन कराने की नोटिस भेजी गई है।