गोंडा। मंडलायुक्त महेंद्र कुमार ने मंगलवार को कृषि विभाग के अधिकारियों संग बैठक कर मंडलीय समीक्षा की। बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने में तेजी लाएं, ताकि किसान साहूकार के चंगुल से बच सकें।
मंडलायुक्त मंगलवार को अपने कार्यालय में मंडल के कृषि अधिकारियों संग समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान की वित्तीय स्थिति ठीक रहने से वह अपनी पूरी क्षमता से कृषि उत्पादन में योगदान दे सकेगा। उन्होंने निर्देशित किया कि उर्वरक, बीज व कृषि रक्षा रसायन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मंडल में किसानों को कोई परेशानी न होने पाए।
उन्होंने कृषि रक्षा रसायनों, कृषि यंत्रों व सोलर संयंत्रों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल देते हुए कहा कि इनकी उपलब्धता किसानों में हो ताकि कृषि में उत्पादन बढ़ने के साथ ही साथ किसानों की विद्युत पर निर्भरता कम हो। उन्होंने मंडल के सभी जनपदों में संपूर्ण समाधान दिवस के बाद उपस्थित किसानों में कृषि विभाग की योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा उपस्थित अन्य जिलास्तरीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी किसानों को देने पर बल दिया।
बैठक में आयुक्त ने मंडल में उन्नतिशील खेती के प्रोत्साहन के लिए प्रत्येक विकासखंड से नए-नए किसानों का कृषि भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश देते हुए कहा कि इससे विभिन्न क्षेत्रों में कृषि में अपनाई जा रही तकनीकों की जानकारी किसानों को हो सकेगी और वे उन कृषि तकनीकों का उपयोग कर उत्पादन बढ़ा सकेंगे।