गोंडा। पचरुखी मनोहरजोत गांव के पास रविवार शाम ट्रैक्टर ट्राला व बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार मासूम की मौत हो गई और उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दपंती को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
खरगूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भोलाजोत भया पुरवा निवासी ननके उर्फ दीपक (24) अपनी पत्नी खुशबू (22) व बेटी महिमा (6) के साथ बाइक से रूपल पुरवा कटरा बाजार स्थित ससुराल में मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे थे। आर्यनगर-खरगूपुर मार्ग पर मुरावनपुरवा पचरुखी मनोहर जोत के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्राला की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में महिमा की मौत हो गई और दीपक व खुशबू गंभीर रूप से घायल हो गए। दीपक हेलमेट नहीं लगाए थे।
ग्रामीणों ने घायलों को पीएचसी पहुंचाया। डॉ. अजय कुमार यादव, डॉ. शिवकुमार व चीफ फार्मासिस्ट वीरेंद्र प्रताप ने दीपक व खुशबू का प्राथमिक उपचार कर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहीं, महिमा को मृत घोषित करते हुए खरगूपुर व कौड़िया पुलिस को सूचना दी। दोनों थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही और सीएचसी नहीं पहुंची। इस पर डॉ. अजय कुमार यादव ने यूपी 112 व उच्चाधिकारियों को सूचना दी।
खरगूपुर थानाध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि हादसे की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। कौड़िया थानाध्यक्ष विद्यासागर पांडेय ने कहा कि उन्हें सूचना नहीं मिली।