गोंडा। रेलवे स्टेशन पर रविवार को बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस से एक यात्री के गिरने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिरे यात्री को रेलकर्मियों और यात्रियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। आरोप है कि घायल यात्री को तत्काल चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी और वह काफी देर तक प्लेटफार्म पर दर्द से कराहता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन संख्या 15203 बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस सुबह 09:25 बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंच रही थी। तभी एक यात्री ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिर गया। चालक ने तत्काल ट्रेन रोक दी। रेलकर्मियों और कुछ यात्रियों ने मिलकर उसे बाहर निकाला और रेलवे चिकित्सालय को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी रेलवे के चिकित्सा कर्मी करीब 25 मिनट बाद मौके पर पहुंचे। इस दौरान घायल यात्री प्लेटफार्म पर दर्द से कराहता रहा। मौके पर पहुंचे चिकित्सा दल ने प्राथमिक उपचार के बजाय घायल को चिकित्सालय भेज दिया। यात्रियों ने रेलवे की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। आरपीएफ निरीक्षक अनिरुद्ध राय ने बताया कि यात्री ट्रेन से गिर गया था। उसे तत्काल चिकित्सालय पहुंचा दिया गया। उसका इलाज चल रहा है।