गोंडा। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित माध्यमिक शिक्षा विभाग की जनपदीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में 187 अंक हासिल कर भारतीय इंटर कॉलेज कटरा बाजार की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी। 163 अंकों के साथ महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों व टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
बालक वर्ग में एपी इंटर कॉलेज मनकापुर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज नवाबगंज की टीम विजेता रही। अंडर-14 बालक वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय कुरसहा रुपईडीह और बालिका वर्ग में नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज नवाबगंज की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 बालक वर्ग में एपी इंटर कॉलेज मनकापुर और बालिका वर्ग में नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज नवाबगंज की टीम विजेता रही। अंडर-19 बालक वर्ग में श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज नवाबगंज और बालिका वर्ग में नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज नवाबगंज की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारतीय इंटर कॉलेज कटरा बाजार की टीम प्रथम और महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर की टीम दूसरे स्थान पर रही। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने आकाश सिंह, सर्वेश, मोहित सरोज, शिवांश पांडेय, राजू यादव, दीपांशु राजपूत, राहुल चौहान, नथुनी प्रसाद, काजल, आरजू, अंजली यादव, कोमल यादव और अर्चना को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस दौरान खेल सचिव राजेश चंद पांडेय, अतुल सिंह, अखंड प्रताप सिंह, संजय सिंह समेत शिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।
जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में गोला फेंकती खिलाड़ी व विजेता टीम को ट्राॅफी देते अतिथि। - संवाद