फोटो-22-गोंडा में बेलसर के देवरदा गांव स्थित ठेकेदार के हॉट मिक्स प्लांट पर तैनात पुलिस। संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। आय से अधिक संपत्ति को लेकर आयकर विभाग लखनऊ की टीम ने गोंडा की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक के दो घरों समेत दो हॉटमिक्स प्लांट पर मारे गए छापा के दौरान पिछले 39 घंटे से खंगाल रही आयकर की टीम को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। इसके आधार पर कंस्ट्रक्शन से जुड़े कई अन्य लोगों के आय के स्रोत को भी टीम खंगाल रही है।
गोंडा के बेलसर के देवरदा गांव के रहने वाले राकेश पांडेय उर्फ रामचंदर पांडेय अपने बेटे आलोक पांडेय के नाम से आलोक कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाते हैं। आयकर विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि आलोक कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक राकेश पांडेय के पास आय से अधिक संपत्ति है। सूचना पर शनिवार की भोर आयकर विभाग लखनऊ की टीम गोंडा के विकास भवन के सामने सिविल लाइंस में स्थित आवास के साथ बेलसर के देवरदा गांव के घर समेत यहीं पर बने हॉटमिक्स प्लांट के साथ ही मेहरबानाबाद के प्लांट पर भी एक साथ छापा मारा था।
पिछले 39 घंटे से कंस्ट्रक्शन कंपनी व घरों को खंगाल रही आयकर टीम ने यहां मिले लैपटॉप, टैबलेट व कई एंड्रायड फोन की भी जांच की है। टीम को यहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। आयकर टीम के अधिकारी केपी सिंह ने बताया कि कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक के पास आय से अधिक संपत्ति होने की सूचना मिली थी। इनके तीन घरों समेत दो प्लांट पर छापा मारा गया है। कई राउंड की जांच के बाद कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। रविवार की देर शाम आयकर टीम यहां से लखनऊ के लिए रवाना हो गई।