गोंडा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से जुड़े जिले के 1400 स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन व 3516 आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि दो महीने से नहीं मिली है। एनएचएम की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों का भुगतान भी अटका हुआ है, जिससे स्वास्थ्यकर्मी आर्थिक तंगी से जूझने लगे हैं। वहीं जननी सुरक्षा योजना के लाभ के लिए प्रसूताएं अस्पतालों के चक्कर काट रही हैं।
जिले में एनएचएम के तहत 305 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, 119 आशा संगिनी, 200 से अधिक चिकित्सकों के साथ करीब 800 की संख्या में पैरामेडिकल कर्मचारी, लिपिक, कंप्यूटर ऑपरेटर, विभिन्न कार्यक्रमों के प्रबंधक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, सुरक्षागार्ड, एंबुलेंसकर्मी जिले में तैनात हैं। 3516 आशा बहू भी सेवाएं दे रही हैं। इन्हें जुलाई के बाद से मानदेय भुगतान नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि पहले इन्हें पीएफएमएस (सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली) के जरिये मानदेय भुगतान होता था, लेकिन अगस्त से भुगतान के लिए ई-स्पर्श पोर्टल शुरू किया गया है। पोर्टल में बदलाव के कारण सिस्टम अपडेट व अन्य कारणों से मानदेय, प्रोत्साहन राशि व योजनाओं के लाभार्थियों का भुगतान नहीं हो पा रहा है।
जननी सुरक्षा योजना के लाभ के लिए भटक रही प्रसूताएं
अगस्त व सितंबर में सरकारी अस्पतालों में करीब छह हजार महिलाओं का प्रसव हुआ है, जिनमें से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को 1400 रुपये व शहरी के क्षेत्र की महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना के तहत 1000 रुपये का भुगतान किया जाना है। लेकिन दो महीने से इन लाभार्थियों का भुगतान नहीं हुआ, जिससे प्रसूताएं सरकारी अस्पतालों के चक्कर काट रही हैं।
नए पोर्टल पर डेटा फीडिंग पूरी, जल्द होगा भुगतान
नए पोर्टल पर विभिन्न कर्मियों की डेटा फीडिंग हो चुकी है। जल्द ही मानदेय भुगतान हो जाएगा। इसी के साथ लाभार्थियों का भुगतान भी शुरू हो जाएगा।
डॉ. रश्मि वर्मा, सीएमओ