गोंडा। डुमरियाडीह के बिरामतपुर में पांच और परसपुर कस्बा में दो दिनों के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा रहा है। ऐसे में आपूर्ति ठप होने से सैकड़ों उपभोक्ता परेशान है। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जेई व एसडीओ नहीं सुन रहे हैं।
बिरामतपुर निवासी एजाज अहमद ने बताया कि पिछले 18 जुलाई को ट्रांसफार्मर फुंक गया। इस दौरान स्थानीय विद्युत उपकेंद्र के अधिकारियों को जानकारी दी गई। तक किसी तरह आपूर्ति बहाल हो सकी। मगर दोबारा 25 जुलाई को ट्रांसफार्मर फिर फुंक गया। इसके बाद से उपकेंद्र से लेकर जोन कार्यालय तक चक्कर लगाने पर मजबूर हैं। मगर ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका है। ऐसे में पिछले छह दिनों से आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। परसपुर संवाद के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे इंडियन बैंक के पास रखे 250 केवीए ट्रांसफार्मर फुंक गया। ऐसे में नगर पंचायत परसपुर का मोहल्ला राजपुर व मालिनटोला की करीब डेढ़ हजार की आबादी की बिजली गुल हो गई। सभासद कृष्ण कुमार सैनी, संजीव तिवारी, शिव नरायन सोना ने बताया कि ओवरलोड के चलते बार-बार ट्रांसफार्मर फुंक रहा है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत सब स्टेशन परसपुर के अवर अभियंता कमलेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही दूसरा ट्रांसफार्मर रखवाया जाएगा।
ट्रांसफार्मर फुंकने से 36 घंटे बिजली गुल
इटियाथोक संवाद अनुसार, इटियाथोक विद्युत उपकेंद्र के छोटी जमुनहीं में बुधवार सुबह सात बजे ट्रांसफार्मर फुंकने से आपूर्ति ठप हो गई। जानकारी के बावजूद इसके बृहस्पतिवार देरशाम तक 25 केवीए ट्रांसफार्मर नहीं रखवाया जा सका है। ऐसे में उमस भरी गर्मी से उपभोक्ता बेहाल हैं।
लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
सभी मामलों की जांच कराई जा रही है। 24 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर बदला जाना चाहिए। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-भविष्य कुमार सक्सेना, अधीक्षण अभियंता, गोंडा
उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रही निर्बाध आपूर्ति
गोंडा। करनैलगंज विद्युत उपकेंद्र इलाके में लगातार अघोषित विद्युत कटौती से लाखों की आबादी परेशान हैं। शहरी व ग्रामीण इलाकों में मुश्किल से 10 घंटे आपूर्ति मिल पा रही है। अरुण वैश्य, मोहित पांडेय, राजाराम, राजेश कुमार आदि का कहना है कि विद्युत वितरण खंड तृतीय फीडर चार अंतर्गत आने वाले करनैलगंज नगर के मोहल्ला ठठराही बाजार, गुड़ाही बाजार, नईबाजार व सदर बाजार आंशिक की करीब 30 हजार आबादी सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां के निवासी गोविंंद सुल्तानिया, घनश्याम तिवारी, एडवोकेट राजेंद्र वर्मा, मकबूल वारसी, अश्वनी कसौधन व अंकित गुप्ता ने बताया कि उनके वार्ड की विद्युत व्यवस्था बेपटरी हो गई है।