गोंडा। स्वामी नारायण छपिया रेलवे स्टेशन पर जल्द ही स्वामी नारायण मंदिर की झलक दिखेगी। 6.5 करोड़ रुपये से स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यात्रियों के बैठने के लिए उच्चस्तरीय प्रतीक्षालय के साथ ही कई अन्य सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए रेलवे ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कार्ययोजना बनाई है। स्टेशन का मुख्य द्वार छपिया मंदिर की तर्ज पर बनाया जाएगा।
स्वामी नारायण छपिया रेलवे स्टेशन के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार हो गई है। स्टेशन से आधा किलोमीटर दूर ही स्वामी नारायण मंदिर है। जहां देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं। स्वामी नारायण छपिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को तीन जोड़ी सवारी ट्रेन तथा एक जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा प्राप्त है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अब यहां सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी है। स्टेशन के मुख्य प्रवेशद्वार के सरकुलेटिंग एरिया का विकास कराया जाएगा। प्रवेशद्वार पर स्वामी नारायण मंदिर की झलक दिखेगी। स्थानीय कला एवं संस्कृति को शामिल करते हुए स्टेशन का सौंदर्यीकरण, स्वचालित सीढ़ी (एस्केलेटर) के साथ ही प्लेटफार्म को भी संवारा जाएगा। स्टेशन पर फसाड लाइटें लगेंगी।
परिसर में भी उन्नत लाइटिंग, कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन डिस्पले बोर्ड, डिजिटल घड़ियां, यात्री उद्घोषणा प्रणाली, सोलर प्लांट, वाटर कूलर, एयर कंडीशनर तथा विभिन्न यात्री सुविधाओं से संबंधित ग्लोसाइन बोर्ड, स्टेशन के नाम की एलईडी पट्टिका तथा यात्री प्रतीक्षालय को आधुनिक बनाया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक आदित्य कुमार ने बताया कि रेलवे के विकास की गति को और तेज किया जाएगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छह करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से स्वामी नारायण छपिया रेलवे स्टेशन का सुंदरीकरण व विकास किया जाएगा। डीआरएम ने कहा कि अति शीघ्र काम शुरू हो जाएगा।