गोंडा। सरकार ने पूरे देश में 21 दिन का लॉकडाउन आपके सुरक्षित व स्वस्थ रहने के लिए ही किया है, लेकिन घर में रहकर आप द्वारा की गई छोटी-सी चूक आपको कोरोना के नजदीक ला सकती है। लिहाजा सावधानी बरतें ताकि आप सभी महफूज रह सकें। विशेषज्ञों के मुताबिक घर में आई कच्ची सब्जी और फल को यूं ही नंगे हाथों से न पकड़ें। हाथों में गलब्ज लगाकर सब्जी को लें और फौरन धोएं। अगर नंगे हाथों में ले भी रहे हैं तो फौरन हाथों को सेनेटाइज करें।
सीएमएस जिला महिला चिकित्सालय डॉ. एपी मिश्रा के मुताबिक डोरबेल, कूड़ादान, लिफ्ट के बटन, कार के दरवाजे, बगीचे के फूल, जूते-चप्पल, दरवाजे के हैंडल और नोट व सिक्के जब भी छुएं तो हाथ फौरन धोएं। जरा भी कोताही न करें। उन्होंने कहा कि बच्चों व बुजुर्गों के लिए तो यह वायरस है ही नुकसानदेह, जवानों को भी लापरवाही नहीं करनी चाहिए।