कटरा बाजार में लखनऊ ज्योति अस्पताल सील कराते एसीएमओ डॉ. आदित्य वर्मा। स्रोत: विभाग
कटरा बाजार/माधोपुर। घर के भीतर चल रहे अवैध क्लीनिक में शनिवार को नवजात की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीएमओ डॉ. आदित्य वर्मा ने मंगलवार को टीम के साथ संबंधित क्लीनिक समेत छह जगह छापा मारा। इस दौरान अवैध रूप से संचालित एक पैथोलॉजी केंद्र व तीन क्लीनिक को सील किया गया है।
एसीएमओ डॉ. आदित्य वर्मा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान नगर के एक घर के कमरे में बिना बोर्ड व रजिस्ट्रेशन के संचालित एसएन राय क्लीनिक, लखनऊ ज्योति, अवध क्लीनिक और एके पैथोलॉजी केंद्र को सील किया गया है। छापामारी की भनक लगने पर बंगाली सहित अन्य क्लीनिक चला रहे संचालक ताला लगाकर भाग गए। कुछ मेडिकल स्टोर पर प्रैक्टिस करते पाए गए लोगों की जानकारी ड्रग इंस्पेक्टर को देकर कार्रवाई के लिए कहा गया है। वहीं, आशा कार्यकर्ता एक मरीज को अलशिफा क्लीनिक ले गई थी। इसकी शिकायत पर आशा कार्यकर्ता को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई है। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. इंदु राणा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे।
एक अस्पताल पर शिकंजा कसने की तैयारी
स्वास्थ्य विभाग ने शहर के एक अस्पताल पर शिकंजा कसने की तैयारी की है। इस अस्पताल में करीब चार माह पहले प्रसव के दौरान महिला की मौत पर खूब हंगामा हुआ था। अधिकारियों ने जांच करके रिपोर्ट तैयार की है। इसमें कई खामियां उजागर हुई हैं।