बेलसर (गोंडा)। आबकारी व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को तरबगंज के पकड़ी बाजार में स्थित देशी शराब की दुकान पर छापा मारा।
इस दौरान टीम ने 5325 रुपये नकद, 145 पेटी देेशी शराब, सात लीटर मिलावटी शराब, 404 खाली शीशी, 302 ढक्कन बरामद किए।
पकड़ी गई शराब की कीमत पांच लाख से अधिक है। टीम ने सेल्समैन को गिरफ्तार किया है। मामले में थाना तरबगंज में देशी शराब के लाइसेंसी समेत तीन लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम, जालसाजी, अपमिश्रण समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया गया है।
सीओ तरबगंज संसार सिंह राठी ने बताया कि आबकारी निरीक्षक तरबगंज अरुण कुमार सिंह की टीम के साथ बुधवार को क्षेत्र के पकड़ी बाजार स्थित देशी शराब की दुकान पर छापा मारा गया। छापे के दौरान स्टाक का मिलान कराया गया।
सीओ के मुताबिक स्टाक मिलान के दौरान भारी मात्रा में मिलावटी शराब बरामद की गई। जिसमें 145 पेटी शराब, 23 पौव्वा, सात लीटर अपमिश्रित शराब के साथ ही 404 खाली शीशी, 302 ढक्कन व क्यूआर कोड बरामद हुआ।
मौके पर सेल्समैन हरखचन्द निवासी भटहर बाजार थाना गुलरिया गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दुकान लाइसेंसी गीता जायसवाल पत्नी राकेश जायसवाल निवासी आवास विकास कॉलोनी जनपद बाराबंकी व उमाशंकर जायसवाल निवासी जफरापुर थाना उमरी बेगमगंज समेत सेल्समैन के खिलाफ थाना तरबगंज में आबकारी अधिनियम, जालसाजी, अपमिश्रण समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया गया है। बताया कि दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।