आईजी जोन ने शुक्रवार को पुलिस लाइंस सभागार में पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। आईजी ने थानाध्यक्षों को गांवों का भ्रमण कर चुनाव में गड़बड़ी करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। आईजी ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले चार थानाध्यक्षों को चेतावनी दी है।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रेमचंद मीणा ने शुक्रवार को पुलिस लांइस में जनपद के अधिकारियों व थानाध्यक्षों के साथ पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की।
आईजी ने कहा कि सभी थानाध्यक्ष अभी से गांवों का भ्रमण करके गड़बड़ी करने वालों को चिन्हित कर उन्हें पाबंद करने की कार्रवाई कर लें।
सीओ अतिसंवेदनशील व पुलिस अधीक्षक अतिसंवेदनशील प्लस बूथ का निरीक्षक कर तैयारियों की समीक्षा कर लें। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को लाइसेंसी असलहे को जमा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों में गड़बड़ी करने वालों के असलहों के लाइसेंस के निलबंन की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजकर कार्रवाई कराने की पैरवी करें।
आईजी ने चुनाव तैयारियों में लापरवाही बरतने वाले थानाध्यक्ष खरगूपुर अंगद राय, थानाध्यक्ष उमरी बेगमगंज विनय कुमार सरोज, थानाध्यक्ष नवाबगंज रामनगीना सिंह व कोतवाल देहात फणीन्द्र सिंह यादव को चेतावनी दी।
एसपी अनिल कुमार सिंह के मुताबिक चुनाव के लिए गाजियाबाद, आगरा व गोरखपुर से पुलिस बल मिला है। इसके अलावा ढाई कंपनी पीएसी व केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बल का आवंटन हुआ है।