गोंडा। सिंचाई डाक बंगला में बुधवार को प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष उमापति त्रिपाठी की अगुवाई में बैठक हुई। इसमें ग्राम पंचायतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में प्रधानों ने स्पष्ट किया कि यदि पंचायत चुनाव समय से नहीं कराए जाते हैं तो निर्वाचित प्रतिनिधियों के अधिकार यथावत बनाए रखे जाएं।25 अप्रैल को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
प्रधानों ने मनरेगा, खुले में शौच मुक्त अभियान और वित्त से संबंधित बकाया भुगतान 30 अप्रैल 2026 तक सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इसके साथ ही जल जीवन मिशन के तहत गांवों में बनी पानी की टंकियों के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने और स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
प्रधानों ने कहा कि मई 2026 में पंचायतों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में यदि समय पर चुनाव नहीं कराए जाते हैं, तो वर्तमान निर्वाचित प्रतिनिधियों को पद पर बनाए रखा जाए। बैठक में सुशील जायसवाल, विवेक मिश्रा, सभाजीत सिंह, लालजी सिंह, उत्तम चंद दूबे, अमरनाथ तिवारी, रघुराज वर्मा, अमर यादव समेत कई प्रधान मौजूद रहे।