गोंडा के मुजेहना ब्लॉक के पास बारिश का दृश्य। - संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। उमस और गर्मी के बीच बुधवार दोपहर हुई आधे घंटे की बारिश ने शहरवासियों को थोड़ी राहत का अनुभव कराया। जबकि ईदगाह रोड पर एक बार फिर भारी जलजमाव हो गया। ईदगाह के सामने से लेकर घोसियाना मोड़ तक की सड़क डूब गई। वाहनों के टायर पूरी तरह डूब गए और दुपहिया सवार वहीं रुककर घुसने की हिम्मत जुटाते नजर आए। पैदल चलने वाले मानो मुसीबत में पड़ गए। इस रोड पर यह नजारा अक्सर तब नजर आता है जब जब बारिश होती है। चंद दिनों चली प्रशासनिक कवायद के बाद नतीजा सिफर ही रहा। नगरपालिका ने सड़क ऊंची बनाई फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। शहर में रहने वाले बुजुर्ग राम जियावन और आशिक अली बताते हैं कि यहां का पानी पहले पांडेय तालाब तक जाता था जो अब अतिक्रमण से अवरुद्ध हो चुका है। मनोज पांडेय, शरीक और अफरोज बताते हैं कि तालाब तक का अवरोध हटाया जाना ही स्थायी समाधान है। उधर, जिले के मुजेहना, वजीरगंज, तरबगंज सहित अन्य स्थानों पर भी बारिश हुई।