गोंडा। भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। अप्रैल महीने में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया है। रविवार की दोपहर से लेकर शाम तक लू चलने से लोगों का सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है। धूप और लू के थपेड़ों ने बचने के लिए लोगों को मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलना पड़ा।
तेज धूप के कारण बच्चे व बुजुर्ग तेजी से बीमार पड़ रहे हैं। आने वाले दिनों में मौसम के तेवर और भी तल्ख होने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. उपेंद्र सिंह के अनुसार अभी अगले सप्ताह में सूरज की तपिश तेज होगी। रविवार की सुबह दस बजे से ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया, जो तीन बजे के बाद टूटा। बहुत जरूरी काम होने पर कुछ लोग दोपहर में बाहर निकलते दिखाई पड़े, उनमें से कोई छांव ढूढ़ता रहा तो कोई प्यास बुझाने के लिए शीतल पेय पदार्थ की दुकानों पर खड़ा दिखाई पड़ा।