इटियाथोक/गोंडा। सुभागपुर और इटियाथोक रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन दुर्घटना को लेकर पूर्वाभ्यास कराया गया। हादसे की सूचना प्रशासनिक अफसरों को दी गई। महज पांच मिनट में ही मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में चिकित्सकों की टीम के साथ ही स्वास्थ्य अधिकारी पहुंच गए। पुलिस व रेलवे के अधिकारी भी समय से पहुंच गए। बाद में पता चला कि यह ट्रेन हादसा होने पर किए जाने वाले बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास किया जा रहा था।
रेलवे कंट्रोल के तरफ से बुधवार सुबह 11:10 पर मैसेज जारी किया गया कि एक बस बलरामपुर से गोंडा की तरफ से आ रही थी। इटियाथोक-सुभागपुर स्टेशन के बीच 203/1-2 किलोमीटर पर स्थित समपार फाटक संख्या 152 सी का बैरियर को तोड़कर गोंडा से गोरखपुर जा रही मालगाड़ी से भिड़ गई है। जिसमें मालगाड़ी का एक डिब्बा ट्रैक से उतर गया और बस में सवार चार यात्री घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन पर अलर्ट जारी हो गया। अफसरों व ड्यूटी में मौजूद कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने तत्काल मुस्तैदी दिखाते हुए रेलवे स्टेशन से घटनास्थल के लिए दुर्घटना सहायता यान ट्रेन को रवाना किया। इसकी जानकारी पुलिस व प्रशासनिक अफसरों को भी देने के साथ जिला अस्पताल को भी हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया। सूचना पर महज पांच मिनट में अस्पताल घायलों के इलाज के लिए तैयार हो गए।
करीब एक घंटे बाद पता चला कि पूर्वोत्तर रेलवे डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के निर्देश पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी (सीनियर डीएसओ) डॉ. शिल्पी कनौजिया ने बचाव कार्य की जमीनी हकीकत परखने के लिए इस पूरी मॉकड्रिल का आयोजन किया है। इस मौके पर क्षेत्रीय प्रबंधक गिरीश कुमार सिंह, वरिष्ठ रेलवे स्टेशन अधीक्षक आरएस राणा, रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह मौजूद रहे।