शुक्रवार को जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वॉर्ड में दिमागी बुखार से पीड़ित 10 साल का एक बच्चा रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया। जिसके बाद से परिवारीजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवारीजनों के मुताबिक बच्चे के हाथ में बीगो लगा था, जबकि बच्चे ने एक स्वेटर भी पहन रखा था।
बच्चे के अस्पताल से गायब होने को लेकर परिवार वालों की तरफ से एक तहरीर कोतवाली में दी गई है। जबकि दूसरी तरफ जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रतन कुमार का कहना है कि उन्हें इस तरह के किसी मामले की कोई जानकारी नहीं है। जबकि पूरे दिन वह अस्पताल में ही रहे। मामले को दिखवाया जा रहा है।
कौड़िया बाजार के इब्राहिमपुरवा गांव निवासी वारिश अली अपने पुत्र मुकद्दअली (10) को तीन दिन पूर्व दिमागी बुखार के कारण जिला अस्पताल के चिल्ड्रेेन वॉर्ड में भर्ती कराया था। उसका इलाज डॉ. बीएल रस्तोगी कर रहे थे।
शुक्रवार की दोपहर गांव के कुछ लोग बच्चे की तबियत का पता करने अस्पताल के चिल्ड्रेन वॉर्ड में आए हुए थे। इसी बीच मुकद्दर अली बेड से उठा और बाहर चला गया। पिता वारिश अली व मां सकरुर्ननिशा के मुताबिक ने उसे हर जगह खोजा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
उधर दोपहर दो बजे से लेकर शाम के 7 बजे तक पूरे जिला अस्पताल में बच्चे को खोजने के लिए इब्राहिमपुरवा गांव के भी कई लोग पहुंच कर अस्पताल का चप्पा-चप्पा छान मारा लेकिन मुकद्दअली को कोई सुराग नहीं लगा।
मामले में सीएमएस डा.रतन कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उन्हें ऐसे किसी मामले की सूचना अस्पताल स्टाफ से नहीं मिली है। जबकि कोतवाली बृजेश सिंह ने बताया कि इस तरह की कोई तहरीर दिए जाने की जानकारी उन्हें नहीं है। लेकिन फिर भी दिखवाया जा रहा है।