गोंडा। शहर के डॉ. संपूर्णानंद टाउन हाॅल में बुधवार को समाजवादी पार्टी ने स्वागत समारोह का आयोजन किया। इसमें पार्टी जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन, सपा अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रईस अहमद, नगर निकाय के तीन नवनिर्वाचित अध्यक्षों और सभासदों को सम्मानित किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को 51 किलो की माला पहनाई गई।
पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने सभी नवनियुक्त और नवनिर्वाचित सपाइयों को बधाई दी। पूर्व विधायक नंदिता शुक्ला ने कहा कि निकाय चुनाव में जनता ने बहुत सहयोग दिया है। जिसका परिणाम सबके सामने है। गोंडा सदर के पूर्व प्रत्याशी सूरज सिंह ने समर्थकों का आभार जताया। जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने कहा कि पार्टी में व्यक्तिवादी नीति नहीं चलेगी। अनुशासन और संघर्ष की पूंजी को पार्टी आदर्श मानते हुए संघर्ष जारी रखेगी। नगर पालिका परिषद गोंडा की अध्यक्ष उज्मा राशिद व नगर पंचायत कटरा बाजार की अध्यक्ष शमा परवीन ने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
इस मौके पर पूर्व एमएलसी रणविजय सिंह, रामभजन चौबे, मसूद आलम खां, सरफराज हुसैन सोनू, प्रमोद पांडेय, बलराज सिंह, हाजी मो. जकी, फहीम अहमद पप्पू, डॉ. अंजू वर्मा, रामजीत निषाद, विनोद श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।