करनैलगंज(गोंडा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हलधरमऊ में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यरत डॉ. सबीना बानो व उनके वाहन चालक को शुक्रवार को क्वारंटीन करने के लिए सीएचसी अधीक्षक करनैलगंज को पत्र भेजा गया। करनैलगंज अधीक्षक ने महिला चिकित्सक को होम क्वारंटीन करने के निर्देश दिए हैं। हलधरमऊ स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. एसपी वर्मा ने हलधरमऊ स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत डॉक्टर सबीना बानो व उनके कार चालक धीरज कुमार निवासी चिनहट लखनऊ को क्वारंटीन करने के लिए सीएचसी अधीक्षक करनैलगंज को पत्र भेजा था।
हलधरमऊ के अधीक्षक डॉ. एसपी वर्मा ने बताया कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद डॉक्टर सबीना बानो प्रतिदिन लखनऊ से आती-जाती थीं। लखनऊ में कोरोना होने के नाते उन्हें क्वारंटीन में रखने के लिए करनैलगंज सीएचसी अधीक्षक को पत्र भेजा गया है। दूसरी तरफ सीएचसी करनैलगंज के अधीक्षक डॉ सुरेश चंद्र ने बताया कि हलधरमऊ के अधीक्षक को पत्र प्राप्त हुआ तो डॉक्टर सबीना बानो से संपर्क किया गया। वे अपने लखनऊ स्थित आवास पर थीं। इसलिए उनको बुलाकर करनैलगंज में क्वॉरेंटाइन करना उचित नहीं था। उन्हें लखनऊ में उनके आवास पर ही होम क्वारंटीन में रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि करनैलगंज में आश्रय स्थल क्वारेंटिंन स्थल में लोगों के बीच उनका रहना उचित नहीं था।