गोंडा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज की टीम ने अब तक 1253 लोगों को होम क्वारंटीन किया है। रविवार को पुलिस बल के साथ निकली स्वास्थ्य विभाग की दो टीमों द्वारा 214 लोगों की स्क्रीनिंग और दो ग्राम पंचायतों में 213 लोगों को होम क्वारंटीन किया।
सीएचसी के अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा ने बताया कि जहां-जहां से बाहर से आए लोगों के होने की सूचना प्राप्त हो रही है। वहां लगातार स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भेज कर लोगों का चेकअप कराया जा रहा है। सीएचसी के अंतर्गत विभिन्न ग्राम सभाओं में शनिवार तक 1039 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया था।
वहीं रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य स्थल पर तैनात दोनों टीमों द्वारा ग्राम अहिरौरा में 117 और ग्राम बेलहरी में 97 लोगों को क्वारंटीन किया गया। अब तक कुल 1253 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। इसके अलावा करनैलगंज के विवेकानंद विद्यालय में करीब 50 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
डॉक्टर चंद्रा का कहना है कि गांव में लोग बाहर से आने वाले लोगों के बारे में बताना नहीं चाहते, इससे लोगों का समुचित इलाज करने में भी दिक्कतें आ रही हैं। जिसके लिए स्वास्थ्य टीमों को पुलिस बल के साथ भेजा जा रहा है। फिर भी स्वास्थ्य टीम को ग्रामीणों का सहयोग नहीं मिल पा रहा है।
दूसरी तरफ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हलधरमऊ के अधीक्षक डॉ. एसपी वर्मा बताते हैं कि अब तक पूरे ब्लॉक में करीब 1400 लोगों को आइसोलेट व क्वारंटीन किया जा चुका है। लगातार स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव भ्रमण कर रही हैं। सूचना एकत्र होने के साथ-साथ लोगों को होम क्वारंटीन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ गांव ऐसे हैं जहां लोग स्वास्थ्य टीमों का सहयोग नहीं कर रहे हैं विरोध के बावजूद टीमें बाहर से आए लोगों का ब्यौरा एकत्र कर रही हैं।