बालपुर(गोंडा)। कैथोला गांव के मजरे डीहा में सोमवार को अज्ञात कारणों से लगी आग में छह घरों की पूरी गृहस्थी जल गई। आग से एक लाख 30 हजार की नकदी भी जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया।
कोतवाली देेहात क्षेत्र के कैथोला गांव के मजरे डीहा के लोग सोमवार सुबह मतदान करने गए इसी बीच अज्ञात कारणों से गांव के मोहम्मद पतरे के घर आग लग गई। आग की लपटों ने पड़ोसी छोटकउ, गुल्लू, सुरेंद्र सिंह, गुलशन व कमरुल के घरों को भी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते सभी के घर जलकर राख हो गए।
आग मेें पतरे के घर में रखी 1 लाख 30 हजार नगदी, छोटकउ की 5 हजार, गुल्लू की दस हजार, सुरेंद्र के 25 हजार नगद समेत गुलशन और कमरुल की गृहस्थी का सब सामान जल गया। आग की सूचना मिलते ही लोग पोलिंग बूथ से गांव की ओर दौड़े और आग पर काबू पाया।
दमकल के आने से पहले ही आग बुझा ली गई। आग से 1 लाख 70 हजार रुपये की नकदी समेत पांच लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हल्का लेखपाल मनीष शुक्ला ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट तहसील भेज दी गई है।