गोंडा। रंगों के पर्व होली को लेकर पूरे जिले में उल्लास है। बच्चे हों या बुजुर्ग, हर कोई त्योहार की मस्ती में डूबा है। स्कूल-कॉलेजों में सोमवार को छात्र-छात्राओं ने अबीर-गुलाल लगाकर जश्न मनाया। चंद्रग्रहण के कारण मंगलवार को होने वाला होलिका दहन सोमवार देर रात संपन्न कराया गया। बुधवार को मुख्य पर्व पर जिलेभर में रंगों की बौछार के बीच होली खेली जाएगी।
जिले में कुल 4,739 स्थानों पर होलिका दहन होगा। सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। देर रात तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भ्रमणशील रहे। होली को लेकर सोमवार को शहर से लेकर कस्बों तक बाजारों में भीड़ रही। रंग, अबीर-गुलाल, पिचकारी, मुखौटे और कपड़ों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही। मिठाई की दुकानों पर गुझिया, नमकीन और अन्य पकवानों की जमकर खरीदारी हुई। लोग सगे-संबंधियों और मित्रों के लिए उपहार पैक कराते नजर आए। महिलाएं कपड़े और खाद्य सामग्री की खरीदारी में जुटी रहीं। बच्चों ने रंग-बिरंगी पिचकारियों और गुब्बारों की खरीदारी की।
चौताल और फगुआ से गूंजेगा माहौल
बुधवार सुबह से ही युवा, बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाई देंगे। लोगों की टोलियां घर-घर जाकर चौताल, डेढ़ताल और फगुआ गीत गाएंगी। कई स्थानों पर डीजे की धुन पर होली का जश्न मनाया जाएगा। पथवलिया निवासी रामकृष्ण शुक्ल ने बताया कि होलियारों की टोलियां पूरे दिन उत्सव का माहौल बनाए रखेंगी।
पुलिस-प्रशासन मुस्तैद
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि होली को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्वच्छता, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि प्रत्येक थाने पर चार-चार क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) गठित की गई हैं। सुरक्षा समितियों को सक्रिय कर सतर्कता बरती जा रही है।
आपात स्थिति में करें संपर्क
सीएमओ कंट्रोल रूम : 7398999406, 7398999705
सीएमओ : 8005192659
सीएमएस मेडिकल कॉलेज : 8005192753
एंबुलेंस : 108, 102
पुलिस : 112
फायर सर्विस 100
शहर में सोमवार को एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देतीं युवतियां। - संवाद
शहर में सोमवार को एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देतीं युवतियां। - संवाद