गोंडा। होली पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने कहा कि होलिका दहन विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मर और बिजली के खंभों से सुरक्षित दूरी पर ही किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना से बचा जा सके। मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने कहा है कि होलिका दहन विद्युत लाइन, ट्रांसफार्मर या पोल के पास न करें। गीले शरीर से किसी भी विद्युत स्विच या उपकरण को न छुएं, क्योंकि गीली त्वचा विद्युत की अति-सुचालक होती है। ट्रांसफार्मर, स्टे-वायर या बिजली के खंभों पर पानी या गीला रंग न फेंकें। इससे अर्थिंग या फ्लैशओवर की संभावना बढ़ जाती है। घर के बाहर होली खेलते समय सुरक्षा के लिहाज से मुख्य स्विच बंद रखे। बच्चों को बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर या स्टे-वायर के पास खेलने से रोकें।
समस्या होने पर नियंत्रण कक्ष को दें सूचना
यदि कहीं बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर जाए तो उसे स्वयं हटाने का प्रयास न करें। तत्काल विभागीय नियंत्रण कक्ष को सूचना दें। आपात स्थिति में टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क करें। साथ ही देवीपाटन जोन के 24 घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 8004916771 पर भी सूचना दी जा सकती है।