बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा के विरोध में एलबीएस तिराहे पर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन
गोंडा। बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे अत्याचार के खिलाफ शनिवार को जिले में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया गया। विश्व हिंदू परिषद, आरएसएस सहित अन्य हिंदू संगठनों ने एकसाथ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। गांधी पार्क से हिंदू आक्रोश रैली निकाली गई।
गांधी पार्क स्थित टाउनहॉल में शनिवार दोपहर विहिप के अवध प्रांत के कार्यकारी अध्यक्ष राजदेव सिंह की अगुवाई में सभा की गई। जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने रैली निकालकर बांग्लादेश मुर्दाबाद व आतंकवाद मुर्दाबाद के नारे लगाए। हालांकि, पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने रैली को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। एलबीएस चौराहे पर ही बैरीकेडिंग लगाकर रोक लिया गया। यहीं पर सिटी मजिस्ट्रेट विजय शर्मा को पांच सूत्री मांगपत्र सौंपा गया।
विहिप के प्रांत संयोजक महेश तिवारी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ अत्याचार करने के अलावा हिंदू धर्म स्थलों को तोड़ा जा रहा है। इसको लेकर भारत सरकार को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। विहिप के प्रांतीय सदस्य राकेश वर्मा ने कहा कि कुछ लोग भारत में रहकर भी बांग्लादेशी विचारधारा के हैं। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। विभाग संयोजक शारदाकांत पांडेय ने बांग्लादेश मामले में भारत सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग की। इस अवसर पर आरएसएस के श्रीमान सिंह, अश्वनी कुमार, राजेंद्र पाठक, आकाश सागर, दयाशंकर, राजदेव शुक्ल, शिवपूजन, संदीप महरोत्रा, अनुराग शुक्ल, गगन, बीनू सिंह आदि मौजूद रहे।