गोंडा। सरयू नदी में जलस्तर बढ़ने से माझा क्षेत्र के गांवों में पानी का फैलाव हो रहा है। गांवों में पानी बढ़ने से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। करीब 22 गांवों में जलभराव हो गया है। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य के लिए सतर्क किया है। वहीं, करनैलगंज में नदी तटबंध से सटकर बह रही है।
तरबगंज तहसील के ब्यौंदा माझा, दत्तनगर, साकीपुर, जैतपुर, माझाराठ के गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। गोकुला, तुलसीपुर, महेशपुर, दुल्लापुर में भी पानी तेजी से फैल रहा है। संपर्क मार्ग जलमग्न हो चुके हैं। लोग जरूरी सामान व मवेशियों के साथ पलायन कर रहे हैं। गावों में प्रशासन ने नावें उपलब्ध करा दी हैं। ब्यौंदा माझा गांव के गंगाराम यादव ने बताया कि पशुओं में बीमारी बढ़ रही है। शनिवार को लेखपाल जितेंद्र पाल ने 600 लंच पैकेट गांव में वितरित किए।
साकीपुर में मजरे अट्ठाइसा में कटान से किसान रामसुंदर का 10 बीघा गन्ना, माधव, रामदेव व मोती का सात-सात बीघा गन्ना, दत्तनगर के बाड़ी माझा के किसान संजय, ननके, मुन्ना, राम सजीवन, नानकून, दयाशंकर की गन्ने व धान का फसल जलमग्न हो गई।