युवक की मौत के बाद बिलखते परिवारीजन
- फोटो : अमर उजाला
उतरौला कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत बड़हराकोट के मजरा अक्सी के 115 घरों में रविवार को हाईवोल्टेज करंट उतर आया। इस दौरान घर का सामान बचाने के चक्कर में एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। कई घरों के विद्युत उपकरण भी जल गए। ग्रामीणों ने पावर कॉर्पोरेशन के लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विदित हो कि यह गांव जिलाधिकारी ने गोद लिया है।
उतरौला कोतवाली क्षेत्र के मजरा अक्सी निवासी रामकिशोर, जोगीलाल, मारुफ, अकबल व राजेंद्र आदि ने बताया कि रविवार को सुबह करीब छह बजे हाईवोल्टेज लाइन का तार टूटकर घरेलू लाइन पर गिर पड़ा। तार गिरने के कारण गांव के 115 घरों में हाईवोल्टेज करंट फैल गया। हाईवोल्टेज करंट फैलने से गांव में अफरातफरी मच गई।
इस दौरान घर के विद्युत उपकरण बचाते समय ओमप्रकाश (27) करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी तरह उपकरण आदि बचाते समय मोहम्मद वकील, प्रेम प्रकाश व भूर्रे सहित 10 लोगों को भी करंट का झटका लगा।
आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना के लिए पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदार हैं। आए दिन टूटकर गिरने वाले जर्जर तार को बदलने के बजाय उन्हें जोड़कर काम चलाया जा रहा है।
ओमप्रकाश के परिवारीजनों ने घटना के लिए पावर कॉर्पोरेशन के एक्सईएन, एसडीओ, जेई व लाइनमैन के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। घटना की सूचना देने के बाद भी विभागीय अधिकारी उदासीन रहे। जिलाधिकारी आरवी मिश्र को ग्रामीणों ने फोन किया, तब जाकर मौके पर पुलिस पहुंची।