गोंडा। माफिया व पूर्व सांसद अतीक अहमद और पूर्व विधायक खालिद अजीम उर्फ अशरफ की मीडिया के सामने प्रयागराज में हुई सनसनीखेज हत्या के बाद गोंडा में भी हाई अलर्ट है। हत्याकांड की सूचना पर चौक-चौराहों पर देर रात पुलिस मुस्तैद रही। एसपी आकाश तोमर ने देर रात शहर में कई इलाकों का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था की नब्ज टटोली। भोर में पांच बजे तक सभी एसएचओ की लाइव लोकेशन लेते रहे।
प्रयागराज में शनिवार रात पुलिस हिरासत में माफिया अतीक अहमद व अशरफ की तीन शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के चंद मिनट के बाद ही टीवी पर हत्याकांड का लाइव प्रसारण शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर हत्या के लाइव वीडियो वायरल होने लगे। इस पर गोंडा में भी पुलिस ने सक्रियता बढ़ा दी। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों के साथ ही मिश्रित आबादी वाले इलाकों पर खुफिया तंत्र भी नजर गड़ाए है।
हाई अलर्ट को लेकर पुलिस भी सड़क पर उतर आई। देर रात ही शहर में गुरुनानक चौक पर कोतवाली नगर समेत समस्त चौकी प्रभारी, कोबरा मोबाइल, सिटी मोबाइल व पीएसी के जवानों की एसपी ने ब्रीफिंग की। इसके बाद चौक चौराहों पर पुलिस की तैनाती कर दी गई। देर रात तक एसपी आकाश तोमर ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पूरी रात पुलिस टीमें गश्त करती रहीं।
रविवार सुबह दस बजे नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, सीओ सिटी विनय कुमार सिंह व नगर कोतवाल राकेश सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ अयोध्या रोड, चौक, महराजगंज, मेवातियान, महारानीगंज घोसियाना समेत कई इलाकों में पैदल मार्च किया।
उग्र भीड़ से निपटने के लिए पुलिस टीम को देर रात ही दंगा नियंत्रण उपकरण से लैस कर दिया गया। इसमें पंप एक्शन गन, आंसू गैस, एंटी राइट गन, टीयर गैस गन, टीयर स्मोक, रबर बुलेट आदि शामिल है। नगर कोतवाली में फायर टेंडर को भी रिजर्व कर दिया गया। इसके साथ ही क्विक रिस्पांस टीम समेत पुलिस लाइन में फोर्स को अलर्ट पर रखा गया। जिससे जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतारा जा सके।
माफिया अतीक और उसके भाई अशरफ की पुलिस कस्टडी में हत्या की खबर शनिवार रात आते ही लोगों ने टीवी पर न्यूज चैनल लगा लिए। हत्या का लाइव वीडियो रात 10.10 बजे ही शुरू हो गया।आधी रात के बाद लोग सो गए। मगर रविवार सुबह लोग दोबारा टीवी से चिपक गए। पूरे दिन न्यूज चैनलों पर सिर्फ माफिया की ही खबर प्रसारित होती रही। चाय की दुकान से लेकर पान की गुमटी तक इसी वारदात से निकाय चुनाव के प्रभाव पर लोगों को बीच बहस-मुबाहिसा का दौर चलता रहा।
माफिया अतीक अहमद का गोंडा से भी जुड़ाव रहा है। वर्ष 2014 में समाजवादी पार्टी ने अतीक अहमद को श्रावस्ती लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। उस दौर में लोकसभा क्षेत्र में जाने के लिए माफिया का काफिला गोंडा से होकर ही बलरामपुर पहुंचता था। सियासतदारों में चर्चा है कि यहां अयोध्या रोड के समीप स्थित चाय की एक दुकान पर माफिया का काफिला चुनाव में पहली बार रुका। माफिया और उसके समर्थकों को यहां की चाय पसंद आ गई। इसके बाद पूरे चुनाव में अतीक का काफिला जब भी गोंडा से गुजरा तो पसंदीदा चाय की दुकान पर चुस्कियां लेने के बाद ही सभी बलरामपुर रवाना होते थे। जिलेभर से अतीक के फैन और सपा समर्थकों का जमावड़ा उसके सामूहिक प्रचार के लिए एकत्र होता था।