वजीरगंज (गोंडा)। पुलिस ने रविवार की शाम रघुराज नगर टिकरी में एक घर से 1500 सुतली बम समेत भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है। पुलिस ने मौके पर विस्फोटक का भंडारण करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ थाना वजीरगंज में विस्फोटक अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना वजीरगंज के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दूबे ने बताया कि रविवार की देर शाम सूचना मिली कि रघुराज नगर टिकरी के एक घर में बड़े पैमाने पर सुतली बम समेत विस्फोटक का भंडारण किया गया है। इसी सूचना पर एसआई प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल विजय शंकर राजभर, कांस्टेबल अनुज वर्मा के साथ रघुराजनगर टिकरी में मोहम्मद अयूब उर्फ बबलू के घर पर छापा मारा गया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मौके पर 1500 सुतली बम, एक पेटी में 1000 लहसुन पटाखा, 40 रंगीन व सफेद रॉकेट की बरामद हुआ है। बताया कि मोहम्मद अयूब उर्फ बबलू को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।