गोंडा। हलधरमऊ सीएचसी में जिले का पहला हेल्थ एटीएम स्थापित किया गया है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार ने हलधरमऊ सीएचसी पर जिले की पहली हेल्थ एटीएम का उद्घाटन किया। अब मरीजों को एक ही स्थान पर 50 से अधिक जांचों की सुविधा मिल सकेगी। पांच से दस मिनट में जांच रिपोर्ट मिलने के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों से टेलीकांफ्रेंसिंग के जरिए परामर्श ले सकेंगे।
बलरामपुर फाउंडेेशन की ओर से लगाई गई हेल्थ एटीएम मशीन से लोगों को सस्ते दर पर जांचों की सुविधा मिल सकेगी। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने कहा कि सभी सीएचसी पर जनसहयोग से हेल्थ एटीएम लगाया जाना है। हलधरमऊ सीएचसी पर जिले का पहला हेल्थ एटीएम लगाया गया है। जरूरी जांचें सस्ते दाम में हो सकेगी। सेंसर व मशीन से होने वाली जांचों की रिपोर्ट 5 से 10 मिनट में मिल सकेगी। एटीएम में नियुक्त पैरामेडिकल स्टाफ के जरिए मरीज टेलीकांफ्रेंसिंग के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श ले सकता है। जांच ऑनलाइन अपलोड हो जाएगी, जिसको चिकित्सक देखकर जरूरी दवाएं लिख सकेगा। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक बावन सिंह, सीएचसी अधीक्षक संतप्रताप वर्मा आदि रहे।
ये मिलेंगी सुविधाएं
हेल्थ एटीएम से शरीर की स्क्रीनिंग, ब्ल्ड प्रेशर, शुगर, वजन, लंबाई, शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा, बॉडी मास इंडेक्स, मेटाबॉलिक एज, बॉडी फेट, डिहाइड्रेशन, पल्स रेट आदि के आलवा ग्लूकोज, हिमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल, डेंगू, चिकनगुनिया, यूरिन टेस्ट, गर्भावस्था जांच, टायफाइड, एचआईवी, ईसीजी, टीएलसी, डीएलसी समेत 50 से अधिक जांचों की सुविधा मिलेगी।