विभाग का आदेश न मानने पर एक हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया गया। उन्हेें मूल विद्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। बीएसए रमेश यादव ने गुरुवार को बताया कि बीईओ तुलसीपुर महेंद्र कुमार की दो जनवरी को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व माध्यमिक विद्यालय रूपनगर के हेडमास्टर व बीआरसी तुलसीपुर में सह समन्वयक के पद पर तैनात हेडमास्टर राकेश कुमार ओझा को बीते 28 दिसंबर को गैर जनपद स्थानांतरित शिक्षक ओमप्रकाश चौहान को रिलीव करने का निर्देश दिया गया था। आदेश के बावजूद हेडमास्टर ने शिक्षक को रिलीव नहीं किया। स्कूल की रंगाई-पुताई भी हेडमास्टर ने नहीं कराई।
विद्यालय में एमडीएम का संचालन अप्रैल 2016 से बंद है। उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना, रंगाई-पुताई न कराने, ड्रेस का वितरण न कराने, एमडीएम ठप होने, पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने, पद का दुरुपयोग करने, सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत कार्य करने और बिना सूचना के स्कूल व ब्लॉक संसाधन केंद्र से नदारद रहने आदि के आरोप में हेडमास्टर राकेश कुमार ओझा को निलंबित कर दिया गया है। बीईओ शिवपुरा रणजीत कुमार को 15 दिन में जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देेेश दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर हेडमास्टर के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।