गोंडा। महाअष्टमी व नवमी एकसाथ होने से शुक्रवार को शहर से लेकर गांव व कस्बोंं के देवी मंदिरों व पूजा पंडालों में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं की विधिविधान से पूजन कर पूर्णाहुति का हवन किया गया। मंदिरों में सुबह से देर सायं तक हवन का दौर चलता रहा।
काली भवानी व खैरा भवानी के प्राचीन मंदिर में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ने से 12 स्थानों पर यज्ञकुंड बनाकर एकसाथ कई भक्तों ने आहुतियां डालकर नवरात्र का समापन किया। नवरात्र के अंतिम दिन पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए केंद्रीय पूजा महासमिति के अध्यक्ष अरुण कुमार शुक्ल व महामंत्री राकेश वर्मा अपने सहयोगियों के साथ दिनभर नगर व गांवों में भ्रमण कर लोगों से सौहार्द की अपील करते रहे। उन्होंने बताया कि नगर की दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार को होगा।
रुपईडीह ब्लॉक के काला तेंदुआ में बृहस्पतिवार को महाआरती का आयोजन किया गया। पूजा समिति के अध्यक्ष विपिन मिश्र ने बताया कि महाआरती व रंगोली के कार्यक्रम में गांव की बालिकाओं का सहयोग रहा। मुख्य यजमान राघवेंद्र मिश्र ने बताया कि 11000 दीपक जलाकर महाआरती की गई। बच्चों ने मां दुर्गा के नौ रूप की झांकी और राधा-कृष्ण की झांकी प्रस्तुत की।
वजीरगंज ब्लाॅक क्षेत्र के सिगहा चंदा में शुक्रवार को महाअष्टमी और नवमी होने के कारण क्षेत्र के दुर्गापूजा पंडालों में हवन पूजन का आयोजन किया गया। सोनबरसा में काली माता के स्थान पर सामूहिक रामचरित मानस का पाठ महाअष्टमी पर सम्पन्न हुआ। 108 कन्याओं को भोजन कराकर प्रसाद वितरण किया गया। उधर काशीपुर में महाराजगंज बाजार दुर्गापूजा समिति की ओर से सामूहिक हवन का आयोजन किया गया। इमिलिया ग्राम में अगइया सम्मय स्थान पर महाअष्टमी पर हवन, पूजन और कन्या भोज का आयोजन किया गया। क्षेत्र में स्थापित प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार को अयोध्या के सरयू घाट पर होगा। दुबहा बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर में शुक्रवार को कन्या पूजन का आयोजन हुआ। जिसमें प्रधानाध्यापक श्याम सुंदर ने कन्याओं का विधिविधान से पूजन कर पूरी, सब्जी, हलआ खिलाया।