मुकेश पांडेय की फाइल फोटो, सीएचसी में बिलखते परिजन व क्षतिग्रस्त बाइक। संवाद
डुमरियाडीह। वजीरगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या-गोंडा हाईवे पर रविवार दोपहर हादसा हो गया। ब्लॉक के पास अचानक सामने आए मवेशी से टकराने के बाद अनियंत्रित हुई एसयूवी से एक बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में बाइक चला रहे अयोध्या हनुमानगढ़ी के पुजारी मुकेश पांडेय (19) की मौके पर ही मौत हो गई और उनके साथी आदित्य सिंह घायल हो गए। हादसे में मवेशी की भी मौत हो गई।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के सोठिया गांव निवासी तुंगनाथ पांडेय ने बताया कि उनके भतीजे मुकेश पांडेय अयोध्या स्थित गुरुकुल विद्यालय में आचार्य के छात्र थे। रविवार को वह विद्यालय के कक्षा आठ के छात्र मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी आदित्य सिंह के साथ बाइक से घर आ रहे थे।वजीरगंज ब्लॉक के पास अचानक एक मवेशी सड़क पर आ गया। अयोध्या की ओर से आ रही एसयूवी मवेशी से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गई। इसके बाद एसयूवी से मुकेश की बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई। आदित्य घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आदित्य को सीएचसी वजीरगंज पहुंचाया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि मुकेश हेलमेट नहीं लगाए थे। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हुई है।
मुकेश की मौत से पिता शोभनाथ पांडेय, मां कमलेश, बड़े भाई दुर्गेश उर्फ रोहित और बहन लकी का रो-रोकर बुरा हाल है। मुकेश की मौत की खबर सुनकर घर पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्राम प्रशासक झिन्नू पांडेय, मोतीगंज थानाध्यक्ष तेजनारायण गुप्ता, प्रधानाचार्य राधामोहन पांडेय आदि मृतक के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।
तीन साल से अयोध्या में रहकर पढ़ाई कर रहे थे मुकेश
मृतक के चाचा तुंगनाथ ने बताया कि भतीजे मुकेश तीन वर्ष से अयोध्या में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। इसके साथ ही वह हनुमान गढ़ी में शिफ्टवार पुजारी की ड्यूटी भी करते थे। पूजापाठ के साथ वह हनुमान जी को फूलमाला और प्रसाद चढ़ाने का भी काम करते थे।
मुकेश पांडेय की फाइल फोटो, सीएचसी में बिलखते परिजन व क्षतिग्रस्त बाइक। संवाद
मुकेश पांडेय की फाइल फोटो, सीएचसी में बिलखते परिजन व क्षतिग्रस्त बाइक। संवाद