करनैलगंज। एकल शिक्षक वाले विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगाने पर एसडीएम नेहा मिश्रा ने सूची बदलने के निर्देश बीईओ को दिए हैं। विकास खंड क्षेत्र के करीब एक दर्जन परिषदीय विद्यालय जनगणना कार्य के कारण बंद होने के कगार पर पहुंच गए हैं। ये विद्यालय एक शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहे हैं। अब उनकी ड्यूटी भी जनगणना में लगाए जाने से शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने लगी है।
कंपोजिट विद्यालय रामपुर टेपरा की शिक्षिका संतोष कौशल, पूर्व माध्यमिक विद्यालय बिबियापुर अवधूत नगर के प्रधानाध्यापक मोहम्मद उवैश अंसारी, झोलहन पुरवा के प्रधानाध्यापक अब्दुल मजीद, वैशनपुरवा के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार समेत कई शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगा दी गई है। वहीं पूर्व माध्यमिक विद्यालय मसौलिया में तैनात प्रधानाध्यापक मदन मोहन सिंह और सहायक शिक्षिका कुसुमलता की भी ड्यूटी लगाई गई है। इससे अभिभावकों में बच्चों की पढ़ाई को लेकर चिंता बढ़ गई है।
एसडीएम ने कहा कि बीईओ कार्यालय से मिली सूची के आधार पर ड्यूटी लगाई गई थी। जनगणना के कारण किसी भी विद्यालय को बंद नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने खंड शिक्षाधिकारियों को फटकार लगाते हुए एकल शिक्षक के स्थान पर अन्य की ड्यूटी लगाकर नई सूची मांगी है।