केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित जीएसटी बिल को लेकर व्यापारियों ने विरोध शुरू कर दिया है। जीएसटी बिल को व्यापार विरोधी बताते हुए व्यापारियों ने हर स्तर पर संघर्ष का एलान किया। व्यापारियों ने रविवार को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन श्रावस्ती सांसद को सौंपकर जीएसटी बिल में सुधार की मांग की।
उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष रमेश पाहवा के नेतृत्व में व्यापारियों ने रविवार को जिला मुख्यालय पर श्रावस्ती सांसद दद्दन मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन के जरिये व्यापारियों ने देश में सरल व सिंगल जीएसटी प्रणाली लागू किये जाने, अभियोजन का प्राविधान समाप्त किये जाने, जीएसटी में मैनुअल का विकल्प भी रखे जाने, जीएसटी में वैट की भांति दो रिटर्न का प्रावधान किये जाने, जीएसटी में रिवाइज रिटर्न की सुविधा बरकरार रखे जाने तथा ऑनलाइन पेमेंट के साथ-साथ चेक व नगद भुगतान को भी मान्यता दिये जाने की मांग की।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जीएसटी बिल में सुधार न किया गया तो इसके खिलाफ हर स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपते समय परमजीत सिंह, संतोष गुप्ता, अमरजीत सिंह बिट्टू, रामचंद्र, कैलाश गुप्ता, राम केवल गुप्ता, कृष्ण गोपाल, राम कुमार गुप्ता, अब्दुल कादिर वारसी व मलय पाहवा सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।