बहराइच मार्ग पर मिश्रौलिया क्रॉसिंग के पास पुलिस व आपूर्ति विभाग की टीम ने बुधवार को एक ट्रॉली पर लदा 70 बोरा अनाज पकड़ा है। बताया जाता है कि रूपईडीह ब्लॉक के गोदाम पर अनाज की कालाबाजारी करने वाले एक व्यक्ति ने कोटे का अनाज बेचने के लिए एक व्यापारी के यहां भेजा था।
पुलिस व सप्लाई विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। आवश्यक वस्तु निगम रूपईडीह ब्लॉक पर अनाज की कालाबाजारी कराने में कई राशन माफिया संलिप्त हैं। जानकार बताते हैं कि एक माफिया जो काफी दिनों से इस काम में लगा है उसने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बंटने वाले 70 बोरा गेहूं व चावल एक व्यापारी को बेचने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से भेजा था।
पकड़ा गया अनाज एक तरह का है। इसकी जानकारी होने पर कुछ लोगों ने सप्लाई विभाग व पुलिस को सूचना दी। बुधवार दोपहर मिश्रौलिया चौकी की पुलिस व आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने अनाज लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। ट्रैक्टर चालक से पूछताछ की गई मगर वह सही जानकारी नहीं दे सका।
कई व्यापारी भी मौके पर पहुंचकर अनाज को अपना बता छुड़वाने की कोशिश में लगे रहे। इस बाबत आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि अनाज सरकारी है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।