इटियाथोक (गोंडा)। इटियाथोक बाजार के खरगूपुर मार्ग पर स्थित एक एक घर में पिछली दीवार में लगी खिड़की तोड़कर 15 हजार रुपये नकदी व तीन लाख रुपये के गहने पार कर दिए। चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉयड को बुलाकर पड़ताल कराई। मगर चोरों का सुराग नहीं मिल सका। मामले में थाना इटियाथोक में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
इटियाथोक बाजार के खरगूपुर मार्ग के रहने वाले मंशाराम ओझा पुत्र सीताराम ओझा ने बताया कि बुधवार की सुबह वह घर के मुख्य दरवाजे में ताला लगाकर परिवार के साथ पूजा करने अपने गांव करुवापारा चले गए थे। इसी बीच दोपहर में चोरों ने घर की पिछली दीवार में लगी खिड़की की ग्रिल तोड़ दी और अंदर घुस आए। मंशाराम के मुताबिक चोरों ने 15 हजार रुपये नकदी, उनकी पत्नी सुशीला देवी और बहू की सोने की चार अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी के चार सिक्के व चार पायल लेकर फरार हो गए।
मंशाराम ने बताया कि शाम चार बजे जब वह वापस लौटे और ताला खोल कर घर के अंदर पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। मंशाराम की सूचना पर थानाध्यक्ष संजय सिंह तोमर मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉयड को मौके पर बुलाकर पड़ताल कराई गई। मगर उससे चोरों का सुराग नहीं लग सका।