गोंडा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा कि ऑनलाइन ट्रेडिंग से देश के सात करोड़ व्यापारियों का व्यापार खत्म हो रहा है। हाल ये है कि 100-200 रुपये का सामान भी ऑनलाइन खरीदा जा रहा है। देश के खुदरा व्यापार को बचाने के लिए सरकार को ऑनलाइन ट्रेडिंग पर रोक लगानी चाहिए। 15 सितंबर को सभी कस्बों, तहसीलों व जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ये बातें मंगलवार को शहर उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के कैंप कार्यालय में कहीं। बनवारी लाल कंछल कहा कि आगामी दिनों में व्यापारी समाज के मान-सम्मान, स्वाभिमान व उत्थान के लिए पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने व्यापारी पेंशन को तीन हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने, व्यापारियों को वीआईपी का दर्जा दिए जाने, जीएसटी पंजीकृत व आयकर देने वाले व्यापारियों को आईडी कार्ड देने की मांग की। कहा कि सरकार एफडी पर जितना ब्याज दे रही है, उतना ही ब्याज उसे लेने का हक है, लेकिन व्यापारियों को डराकर उनसे 18 प्रतिशत ब्याज वसूला जाता है। इस व्यवस्था को तत्काल समाप्त किया जाए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अगले वर्ष संगठन के 50 वर्ष पूरे होंगे। व्यापारी स्वर्ण जयंती मनाएंगे। गोंडा में व्यापार मंडल का इतिहास नामक पत्रिका का भी विमोचन होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तैयारियों का जायजा लिया। इसके पूर्व जीतेश सिंघल, मसऊद अहमद शमसी, आदित्य पाल, राजेंद्र सिंह भाटिया, संतोष सोनी, विमल शाह, जतिन बंसल, राजू मित्तल, अशोक सिंहानिया, दिनेश सिंह, हरिनारायण सिंह ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।
जिला कार्यकारिणी भंग
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। शिवराज सिंह को कार्यकारी जिलाध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह ने बताया कि जल्द ही पूरे जिले में नई कमेटी बनाई जाएगी। इसको लेकर जिम्मेदारी सौंपी गई है। (संवाद)