गोंडा। मेदांता अस्पताल, गुरुग्राम में भर्ती समाजवादी पार्टी के संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेहतर स्वास्थ्य के लिए हर तरफ पूजा-पाठ हो रहा है। वहीं जिले के सपा कार्यकर्ता ने मुलायम सिंह यादव को अपनी किडनी देने की पेशकश की है। कार्यकर्ता ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र भेजकर नेताजी को अपनी किडनी देने की बात कही है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के तुलसीपुर माझा गांव निवासी व मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश यादव ने पत्र लिखा है कि नेताजी को किडनी देने का अवसर उन्हें दिया जाए। दिनेश की इस पहल की हर कोई चर्चा कर रहा है। सोशल मीडिया पर भी यह वायरल हो रहा है। दिनेश का कहना है कि नेताजी जल्द स्वस्थ हों यही हर कोई चाह रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश को पत्र भेजकर उन्होंने किडनी देने का अनुरोध किया है। जैसे ही उन्हें बुलाया जाएगा वह तत्काल अपनी किडनी दान कर देंगे।