गोंडा। नरौरा अर्जुन गांव में पट्टे की भूमि पर कब्जा न मिलने से आहत एक किसान ने शनिवार दोपहर डीएम आवास के सामने डीजल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। मगर लोगों की सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कोतवाली देहात पुलिस के हवाले कर दिया। देहात पुलिस ने उसे शांतिभंग के आरोप में चालान किया है। इसमें लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने कोतवाल देहात कमलाकांत त्रिपाठी को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, अपराध शाखा में निरीक्षक रहे महेंद्र सिंह को कोतवाल देहात नियुक्त किया गया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के नरौरा अर्जुन गांव के रहने वाले दलित रामगोपाल का गांव के कुछ लोगों ने पट्टे की भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। रामगोपाल ने मुख्यमंत्री से लेकर डीएम, एसपी समेत अन्य अधिकारियों से दर्ज कराई शिकायत में कहा था कि हल्का लेखपाल की मिलीभगत से उसकी पट्टे की भूमि पर गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने जबरन कब्जा कर लिया है। भूमि खाली करने की बात पर मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। मगर किसी ने फरियाद नहीं सुनी।
इससे आहत रामगोपाल शनिवार दोपहर डीएम आवास के सामने पहुंचे और डीजल डालकर खुद को आग लगाने की कोशिश की। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे कोतवाल नगर पंकज सिंह ने उसे आत्मदाह करने से पहले ही हिरासत में ले लिया। पुलिस ने रामगोपाल को देहात पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली देेहात पुलिस ने रामगोपाल को शांतिभंग में चालान किया है। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि आत्मदाह करने का प्रयास करने वाले किसान को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोतवाल देहात कमलाकांत त्रिपाठी को लापरवाही बरतने के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम को सौंपी गई है।
अवधेश यादव बने मिश्रौलिया चौकी प्रभारी
पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने कोतवाली नगर के चौकी प्रभारी मिश्रौलिया रहे अश्विनी कुुमार दूबे को हटाकर थाना कौड़िया में तैनाती दी है। इनके स्थान पर थाना कौड़िया के उपनिरीक्षक अवधेश यादव को चौकी प्रभारी मिश्रौलिया नियुक्त किया गया है।