कटरा बाजार (गोंडा)। कटरा बाजार क्षेत्र के भदैया खोदहरी पुरवा निवासी श्रमिक ज्ञानेंद्र (35) की मथुरा से हरियाणा के मानेसर जाते समय नेशनल हाईवे-19 पर गांव बंचारी के पास बुधवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। बृहस्पतिवार को ज्ञानेंद्र का शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। देर शाम पिता ने गांव के पास अंतिम संस्कार किया।
गांव निवासी महेंद्र ने बताया कि उनके भाई ज्ञानेंद्र हरियाणा के पलवल जिले में एक प्राइवेट कंपनी में श्रमिक थे। महेंद्र के मुताबिक 29 जनवरी को सुबह पांच बजे ज्ञानेंद्र बाइक से मथुरा से मानेसर जा रहे थे। तभी नेशनल हाईवे-19 पर बंचारी गांव के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से ज्ञानेंद्र घायल हो गए। सूचना पर राजस्थान भिवानी के रहने वाले ज्ञानेंद्र के एक दोस्त ने उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान ज्ञानेंद्र की मौत हो गई।
बृहस्पतिवार दोपहर शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। पत्नी सुंदरपति पति का शव देखते ही बेहोश हो गईं। बुजुर्ग माता-पिता व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देर शाम पिता शिवकुमार ने गांव के पास ही ज्ञानेंद्र का अंतिम संस्कार कर दिया।
इनसेट
दुधमुंही बच्ची के सिर से उठा पिता का साया
महेंद्र ने बताया कि उनके छोटे भाई तीन दिन पहले ही घर से पलवल गए थे। ज्ञानेंद्र के बेटी अर्पिता (10), बेटा अर्पित (3) और 20 दिन की बेटी अन्वी है। पत्नी सुंदरपति ने बताया कि परिवार में पति ज्ञानेंद्र ही इकलौते कमाऊ सदस्य थे।