गोंडा के पहाड़ापुर में दुकान सील करता कर्मचारी। -संवाद
- फोटो : GONDA
कटरा बाजार/ करनैलगंज (गोंडा)। कटारा बाजार क्षेत्र की एक दुकान में रखी नॉट फॉर सेल की 125 सीमेंट की बोरियों का वीडियो वायरल हुआ। मामले में कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार ने दुकान सील कर दी। भारी मात्रा में सीमेंट कहां से आई, अब इस मामले की जांच की जा रही है।
उपजिलाधिकारी हीरालाल ने बताया कि शनिवार देरशाम थाना कटरा बाजार क्षेत्र के पहाड़ापुर के पास एक दुकान में नॉट फॉर सेल लिखी सीमेंट की 125 बोरियां रखे होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। मामले में मौके पर नायब तहसीलदार अनीश सिंह को भेजा गया तो दुकानदार सुधांशु दुकान बंद करके नदारद हो गया। दुकान में रखी सीमेंट की पहचान व नाम पता न चलने से दुकान को सील कर दिया गया है।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह सेल्स टैक्स समेत अन्य टीम की मौजूदगी में दुकान को खुलवाकर जांच की गई। जिसमें विभिन्न कंपनियों की सीमेंट के साथ 125 बोरियां सीमेंट नाट फॉर सेल की मिली हैं। सीमेंट की बोरी कहां से आई है, इसकी जांच की जा रही है।