उत्तर प्रदेश उत्तराखंड मेडिकल सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन गोंडा व बलरामपुर के मैत्री मैच में गोंडा ने बलरामपुर को 56 रनों से हराकर कप पर कब्जा कर लिया।
रविवार को स्व. दिनेश पांडेय क्रिकेट टूर्नामेंट में यूपी एसएमआरए गोंडा व बलरामपुर के बीच मैत्री मैच का आयोजन जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में किया गया।
बलरामपुर टीम के कप्तान उदय सिंह ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गोंडा के खिलाड़ियों ने निर्धारित 20 ओवरों में आलोक मिश्र के नाबाद 62 रनों व आरके राठौर के 26 और अभिषेक उपाध्याय के 24 रनों की बदौलत 143 रन बनाए।
जवाब में बलरामपुर के खिलाड़ी मात्र 87 बनाकर आल आउट हो गए। मैच में सर्वाधिक विकेट गोंडा इकाई के आलोक मिश्र व अभिषेक उपाध्याय ने दो-दो विकेट और विपिन, गौरव, सुनी व अंकित ने एक-एक विकेट चटकाए।
बलरामपुर के नवीन श्रीवास्तव ने सर्वाधिक 21 रन बनाये। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी व गेंदबाजी के लिए आलोक मिश्र को मैन ऑफ द मैच व बेस्ट बालर तरुण चुने गए।
क्रिकेट कप की ट्रॉफी गोंडा इकाई के कप्तान आरके सिंह को पूर्व अपर निदेशक स्वास्थ्य एसएन ओझा ने दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व अपर स्वास्थ्य निदेशक एसएन ओझा ने कहा कि खेल से शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक विकास होता है।
मैन ऑफ द मैच आलोक मिश्र को सचिव कामरेड सीताराम कश्यप व बेस्ट बालर तरुण को कौशलेंद्र पांडेय ने सम्मानित किया। मैच में यूपीएमएसए के अध्यक्ष अखिलेश शुक्ल ने मैच में आए अतिथियों व खिलाड़ियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।