लक्ष्य रायचंदानी। स्रोत-सोशल मीडिया
गोंडा। एसीसी अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम ने जीत के साथ अभियान का आगाज किया। शुक्रवार को ओमान के मस्कट स्थित अल अमेरत क्रिकेट ग्राउंड पर भारत ने नेपाल को 10 विकेट से हराया। गोंडा निवासी कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और सलामी बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग ने शानदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाई। इससे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई।
लक्ष्य के पिता राजेश रायचंदानी ने बताया कि टॉस जीतकर भारतीय कप्तान ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने नेपाल की पूरी टीम को 42.3 ओवर में 128 रन पर समेट दिया। नेपाल की ओर से दर्श सोनार ने 43 और आशीष लुहार ने 29 रन बनाए। भारत की ओर से अर्जुन राजपूत और ईशान सूद ने तीन-तीन व यशवीर गौड़ ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 19.1 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 129 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। आर्यवीर सहवाग ने 52 गेंदों में नाबाद 70 और लक्ष्य रायचंदानी ने 63 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए। दोनों के बीच 129 रन की अटूट साझेदारी हुई। भारत का अगला मुकाबला रविवार को पाकिस्तान से होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, विवेकमणि श्रीवास्तव, विशाल अग्रवाल और शेष चौरसिया ने लक्ष्य को बधाई दी है।