गोंडा। पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए आयुष्मान भव अभियान में गोंडा की प्रगति प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। रैंकिंग में अलीगढ़ ने पहले स्थान पर जगह बनाई है, जबकि हरदोई जिला तीसरे पायदान पर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से लेकर महात्मा गांधी की जयंती (दो अक्तूबर) तक आयुष्मान भव अभियान चलाया जा रहा है। इसमें प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड बनाया जाना है। जिले के 12 लाख दो हजार लाभार्थियों के अलावा तीन लाख अंत्योदय कार्डधारकों के परिवारों को भी योजना में शामिल किया गया है।
सीडीओ एम. अरुन्मोलि की निगरानी में जिले के 210 स्थानों पर शिविर लगाकर गोल्डन कार्ड बनाए जा रहे हैं। प्रदेश की ओर से जारी रैंकिंग में अलीगढ़ में अभियान के तहत 6,403 गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। जबकि गोंडा 6,345 गोल्डन कार्ड बनाकर दूसरे स्थान पर रहा। हरदोई में 6,262 गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। गोंडा को प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल होने पर डीएम नेहा शर्मा व सीडीओ एम. अरुन्मोलि ने स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत की सराहना की है।
जिले में गोल्डन कार्ड बनाने की प्रगति और भी अच्छी होती मगर सर्वर डाउन होने से समस्या हो रही है। आयुष्मान भारत योजना के जिला सूचना प्रबंधक अंकित श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे प्रदेश में एकसाथ अभियान चलने से सर्वर धीमा हो गया है। इससे कार्ड बनाने में समय लग रहा है। जिले के सभी आरोग्य मित्र व सीएचओ को कार्ड बनाने में लगाया गया है।