गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल को मई 2026 में मंडल को 23 आईएसओ व 12 फाइव एस सहित 35 प्रमाणपत्र प्राप्त हुए हैं। इस उपलब्धि में गोंडा रेलवे स्टेशन और गोंडा आरओएच (रूटीन ओवरहॉल) डिपो की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार गोंडा स्थित आरओएच डिपो को बीसीएन माल डिब्बों के रखरखाव, मरम्मत व अनुरक्षण कार्यों में उत्कृष्ट गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आईएसओ और फाइव एस प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। गोंडा स्टेशन को पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली में उत्कृष्ट कार्य के लिए आईएसओ तथा फाइव एस प्रमाणपत्र मिला है। मनकापुर स्टेशन को भी पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली के तहत प्रमाणपत्र मिला है।
डीआरएम गौरव अग्रवाल ने कहा कि यह उपलब्धि मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम भावना, अनुशासन और गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। (संवाद)