नवजात के बारे में अस्पताल में जानकारी लेती पुलिस।
मनकापुर (गोंडा)। बक्सरा आज्ञाराम पाठक पुरवा गांव के तालाब के किनारे मंगलवार की सुबह एक नवजात बच्ची कपड़े में लिपटी मिली। खेत को गई एक गांव की महिला राजकुमारी ने नवजात के रोने की आवाज सुनी तो शोर मचाने लगी। गांव के लोग एकत्र हो गए।
सूचना पर पहुंचे डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने नवजात बच्ची को सीएचसी पहुंचाया। कोतवाली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। सीएचसी के चिकित्सकों ने नवजात बच्ची को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में नवजात बच्ची की मौत हो गई। सीएचसी के डॉ. आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि नवजात बच्ची का प्राथमिक इलाज कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था।
कोतवाली मनकापुर के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार राय ने बताया कि नवजात बच्ची को कोई बक्सरा आज्ञाराम पाठक पुरवा गांव के पास स्थित तालाब के पास छोड़ गया था। पुलिस पहुंची तो नवजात बच्ची कपड़े में लिपटी मिली। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।