गोंडा। पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में शुक्रवार को फायर सर्विस के रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट परेड हुई। 256 रिक्रूट आरक्षियों की कदमताल देखकर लोग रोमांचित हो उठे। बैंडबाजे की धुन और तालियों से वातावरण गुंजायमान रहा।
पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर के निर्देशन में 256 रिक्रूट आरक्षियों के छह माह का प्रशिक्षण सत्र संपन्न हो गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक फायर जुगुल किशोर रहे। सर्वप्रथम उन्हें परेड द्वारा सलामी दी गई। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर मान प्रणाम ग्रहण किया। इस मौके पर पुलिस उपमहानिरीक्षक फायर ने रिक्रूट आरक्षियों को पद एवं गोपनीयता के साथ सदैव सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं निष्पक्षता से जनसेवा करने की शपथ दिलाई।
प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रस्तुतीकरण के लिए रिक्रूट आरक्षी शिवेंद्र शर्मा को सर्वांग सर्वोत्तम पुरस्कार, वाह्य विषयों, शारीरिक प्रशिक्षण तथा साक्षात्कार में रिक्रूट आरक्षी अमित कुमार व अन्य रिक्रूट आरक्षियों को विभिन्न विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। परेड के दौरान प्रथम परेड कमांडर रवि यादव, द्वितीय परेड कमांडर करूणानिधि व तृतीय परेड कमांडर सनोज वर्मा रहे।
डीआईजी फायर ने कमांडरों का उत्साह बढ़ाया। एसपी ने पुलिस उपमहानिरीक्षक फायर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। डीआईजी ने अपने संबोधन से आरक्षियों में जोश भरा। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, सीओ लाइन सौरभ वर्मा, सीओ मनकापुर संजय तलवार, सीओ करनैलगंज विनय कुमार सिंह, सीओ ट्रैफिक मुन्ना उपाध्याय, सीओ सदर शिल्पा वर्मा, महिला थाना की इंस्पेक्टर पूनम यादव, प्रतिसार निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह उपस्थित रहे।