करनैलगंज (गोंडा)। हर-हर महादेव व ओम नम: शिवाय की गूंज के साथ सोमवार को लाखों कांवड़िए सरयू नदी से जल भरेंगे। कजरी तीज मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी होने का दावा किया है। रविवार को सरयू घाट से करीब 50 हजार से अधिक कांवड़ियों ने स्नान कर जल भरा और विभिन्न शिवालयों के लिए रवाना हुए। देर शाम से कांवड़ियों की भीड़ सरयू घाट पर जुटने लगी। सोमवार को करीब 12 लाख से अधिक कांवड़ियों के आने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
रविवार की शाम तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। सरयू घाट पर नदी के अंदर बैरिकेडिंग, स्नान घाट पर पूरी तरह जगमगाती लाइट, पेयजल साफ-सफाई, नदी में मोटरबोट व नावें के साथ-साथ सीढ़ियों के निर्माण का काम पूरा हो गया। प्रशासन द्वारा कैंप कार्यालय बनाया गया है जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ अन्य सभी व्यवस्था दुरुस्त रहेगी। कैंप में अधिकारियों को लगातार रहने के निर्देश दिए गए हैं। सरयू घाट से लेकर एक किलोमीटर की दूरी में जगह-जगह बैरियर एवं प्रकाश की व्यवस्था की गई है।
पुलिस के जवानों को तैनात किया जा रहा है। उप जिलाधिकारी हीरालाल ने बताया कि कजरी तीज मेले के अवसर पर अभूतपूर्व सुरक्षा एवं कांवड़ियों के लिए व्यवस्था की गई है। किसी भी कांवड़ियों को कोई असुविधा न होने पाए इसका विशेष ध्यान रखा गया है।
बुंदेलखंड से आए 600 कांवड़िए
करनैलगंज (गोंडा)। रविवार को शाहजहांपुर, सीतापुर, बरेली, उन्नाव, हरदोई, रायबरेली के हजारों वाहनों से सरयू घाट पर पहुंचे और नौ बसों से करीब छह सौ कांवड़िए बुंदेलखंड से आए, जो सरयू घाट पर डेरा जमा चुके थे। वह स्नान करके जल भरेंगे और लोधेश्वर महादेव मंदिर बाराबंकी पर जलाभिषेक करेंगे। लगातार कांवड़ियों के वाहनों के आने का सिलसिला जारी रहा। शाम को छह बजे गोंडा लखनऊ मार्ग पर यातायात बंद होने के बाद जरवल रोड से पैदल सरयू घाट पहुंचे।
डीएम-एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
रविवार शाम जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार व एसपी आकाश तोमर ने खरगूपुर स्थित पृथ्वीनाथ मंदिर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने कहा कि कांवड़ियों की सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। जलाभिषेक के लिए मंदिर की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी हासिल की। एसपी ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस कर्मियों को जानकारी दी गई है। वहीं पुलिस लाइन में कजरी तीज मेले को लेकर एएसपी शिवराज व एडीएम सुरेश कुमार सोनी ने पुलिस कर्मियों को ब्रीफ किया। उन्होंने कहा कि पूरी तत्परता के साथ मुस्तैद रहें।